दिल्ली में 12 लाख नए घरों की तैयारी
नई दिल्ली। दिल्ली में आवासीय विकास को गति देने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने लैंड पूलिंग नीति को लेकर महीनेभर का जागरूकता अभियान शुरू किया है।
इसके तहत किसानों, जमीन मालिकों और अन्य संबंधित पक्षों को गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर नीति के तहत होने वाले विकास की जानकारी दी जाएगी।
डीडीए के अनुसार, इस नीति के तहत करीब 200 वर्ग किमी क्षेत्र में विकास की संभावना है, जहां लगभग 12 लाख नए घर बनाए जा सकते हैं।
एलजी तरनजीत सिंह संधू के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य जमीन मालिकों को नीति के विकास माडल और उनकी भागीदारी की प्रक्रिया से परिचित कराना है। नीति के तहत जमीन को एकत्रित कर टाउन प्लानिंग योजनाओं और अन्य विकास माडलों के जरिये डीडीए तथा निजी भागीदारों की मदद से नियोजित शहरी विकास किया जाएगा।
डीडीए के अनुसार, नीति में आवासीय विकास से पहले बुनियादी ढांचे को विकसित करने पर जोर दिया गया है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से 30 मीटर या उससे अधिक चौड़ाई वाली सड़कों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।