‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में आप सीजेपी के साथ
नई दिल्ली। दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी समर्थन दिया। मार्च में शामिल राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ‘रिजीम चेंज’ यानी सत्ता परिवर्तन की कोशिशों के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य ही सरकार बदलना है।
पत्रकारों ने जब संजय सिंह से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उस टिप्पणी के बारे में पूछा, जिसमें कथित ‘रिजीम चेंज’ की कोशिश को देशद्रोह बताया गया था, तो उन्होंने कहा, ‘यह कोई बर्थडे पार्टी या किटी पार्टी नहीं है। यह सब रिजीम चेंज करने के लिए ही हो रहा है।’
संजय सिंह ने कहा कि प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मदिन पार्टी मनाने नहीं आए हैं। उन्होंने सत्ता परिवर्तन की मांग दोहराते हुए नारा लगाया, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़।’ उन्होंने कहा कि आंदोलन में यह नारा प्रमुखता से लगाया जा रहा है।
AAP सांसद ने दूसरा नारा भी बताया, ‘रोजी-रोटी दे ना सके जो, वो सरकार निकम्मी है। जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी चाहिए।’ उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार बदलने की मांग करने वालों को बांग्लादेशी या पाकिस्तानी कैसे कहा जा सकता है।
संजय सिंह के बयान से आंदोलन के राजनीतिक उद्देश्य को लेकर बहस तेज हो सकती है। वहीं, ‘रिजीम चेंज’ को लेकर सत्ता पक्ष और प्रदर्शनकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।