शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

मोदी ने कारोबारियों को सुनाई खरी-खरी

एजेंसी · अंक 07 · 22 नवंबर 2026

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के बड़े कारोबारियों और उद्योगपतियों को उनके कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार के मुद्दे पर खरी-खरी सुनाई। गुरुवार को दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि सरकार ने कारोबारियों को टैक्स में बड़ी राहत दी, लेकिन क्या कंपनियों ने इसका फायदा अपने कर्मचारियों तक पहुंचाया?

मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया गया। इसके अलावा 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को आयकर से मुक्त किया गया। इसके बावजूद उद्योग जगत ने कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन में अपेक्षित बढ़ोतरी क्यों नहीं की? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पता है कि इस बात पर कारोबारी तालियां नहीं बजाएंगे, क्योंकि उनकी भूख इतनी बड़ी है कि कितना भी दे दिया जाए, वह पूरी नहीं होती।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, लेकिन उद्योग जगत को भी देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देना होगा। केवल सरकार से उम्मीद करने के बजाय कंपनियों को रोजगार के नए अवसर पैदा करने और कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

मोदी ने भारतीय कंपनियों को घरेलू बाजार के भरोसे बैठे रहने के बजाय वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भारतीय उपभोक्ताओं को भी वही गुणवत्ता मिलनी चाहिए, जो कंपनियां विदेशों में अपने उत्पादों के लिए रखती हैं।

उन्होंने उद्योगपतियों से मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाने, घरेलू उत्पादन बढ़ाने और अगले 20 वर्षों के निवेश में ‘इंडिया फर्स्ट’ को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

यह खबर जागते रहो के अंक 07 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →