ईरान की नई चेतावनी से अमेरिका और यूरोप में बढ़ी चिंता
तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने दोबारा सैन्य कार्रवाई की तो पश्चिम एशिया से लेकर यूरोप तक मौजूद उन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है, जिनका इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमलों में होगा। ईरान की इस चेतावनी ने अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों और यूरोपीय देशों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने 12 नवंबर को कहा कि ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य हमले में शामिल ठिकाने उसके लिए वैध निशाना होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे ठिकानों के लिए दूरी कोई सुरक्षा कवच नहीं होगी। ईरानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कहा है कि अमेरिकी सैन्य अड्डे और उनके हित ईरानी मिसाइलों तथा ड्रोन की पहुंच में हैं।
यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों की 2,000 किलोमीटर की स्व-निर्धारित सीमा हटाने की घोषणा की है। आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहिबी ने कहा कि अब यह प्रतिबंध लागू नहीं है। इस फैसले के बाद ईरान की लंबी दूरी की मिसाइल क्षमता और उसके संभावित लक्ष्यों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
ईरान की इस घोषणा का असर यूरोप की सुरक्षा रणनीति पर भी पड़ सकता है। ब्रिटेन, जर्मनी, रोमानिया और बुल्गारिया जैसे देशों में अमेरिकी सैन्य सुविधाएं मौजूद हैं। ईरान पहले भी बुल्गारिया को चेतावनी दे चुका है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के लिए नहीं होना चाहिए। मार्च में हिंद महासागर स्थित डिएगो गार्सिया सैन्य अड्डे की ओर मिसाइल दागे जाने का आरोप भी ईरान पर लगा था, हालांकि तेहरान ने इससे इनकार किया था।
विशेषज्ञों के मुताबिक, ईरान के पास फिलहाल अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलें होने की पुष्टि नहीं है। हालांकि, उसकी अंतरिक्ष प्रक्षेपण तकनीक को लंबी दूरी की मिसाइल विकसित करने में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जाती रही है।