कश्मीर भारत का अभिन्न अंग पीओजेके पाकिस्तान खाली करे
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर को लेकर नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने दो टूक कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। पार्टी ने पाकिस्तान से पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) भारत को सौंपने की मांग भी दोहराई है।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को फारूक अब्दुल्ला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने इस बार सही बात कही है। कश्मीर भारत का हिस्सा है और इस पर किसी तरह का सवाल या संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिया। पहले आशंका जताई जाती थी कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद घाटी में तिरंगा फहराना मुश्किल हो जाएगा, लेकिन आज जम्मू-कश्मीर के हर हिस्से में राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा है। शाहनवाज हुसैन ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक पड़ोसी देश आतंकवादी गतिविधियां बंद नहीं करता, तब तक उसके साथ संबंध सामान्य नहीं हो सकते।