रविवार, 29 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

संसद का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी

महिला आरक्षण लागू करने की योजना

एजेंसी · अंक 06 · 15 नवंबर 2026

नई दिल्ली। महिला आरक्षण कानून को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने के लिए केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने पर विचार किया जा रहा है। इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जा सकते हैं। सरकार की योजना संविधान संशोधन के माध्यम से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की है। इससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सकेगा। हालांकि, विशेष सत्र की तारीख और अवधि पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, सरकार को इस बार संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए आवश्यक समर्थन मिलने की उम्मीद है। इसके लिए सत्तारूढ़ गठबंधन विभिन्न राजनीतिक दलों से बातचीत कर रहा है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में अलग-अलग दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। ऐसे में सरकार के सामने पर्याप्त संख्या बल जुटाना सबसे बड़ी चुनौती है।

गौरतलब है कि सरकार ने 17 अप्रैल 2026 को बजट सत्र के दौरान भी महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था, लेकिन लोकसभा में आवश्यक समर्थन नहीं मिलने से उसे सफलता नहीं मिली। अब नए प्रस्ताव में परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने की व्यवस्था भी शामिल किए जाने की तैयारी है।

सीटों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों ने चिंता जताई है।

यह खबर जागते रहो के अंक 06 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →