हाई अलर्ट पर तीनों भारतीय सेना
राजनाथ सिंह ने वायुसेना कमांडरों को दिए निर्देश, ड्रोन-मिसाइल हमलों से मुकाबले और एयर डिफेंस मजबूत करने पर जोर
नई दिल्ली। दुनिया में तेजी से बदलते युद्ध के तौर-तरीकों और बढ़ते सुरक्षा खतरों के बीच भारत ने अपनी सैन्य तैयारियों को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। ड्रोन हमले, मिसाइलों का बढ़ता इस्तेमाल, साइबर युद्ध और अंतरिक्ष आधारित सैन्य गतिविधियां अब राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना को अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताएं मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। 12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित वायुसेना कमांडरों के सम्मेलन में उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य के युद्ध में तकनीकी श्रेष्ठता, सटीक खुफिया जानकारी और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
रक्षा मंत्री ने विशेष रूप से कामिकाजे ड्रोन, निगरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों से निपटने के लिए एयर डिफेंस प्रणाली को मजबूत बनाने पर जोर दिया। रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में पारंपरिक सैन्य ताकत के साथ अत्याधुनिक तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में भारत को भी बदलती परिस्थितियों के अनुरूप अपनी रणनीति और युद्धक क्षमताओं को विकसित करना होगा।
राजनाथ सिंह ने वायुसेना को साइबर, इलेक्ट्रॉनिक और अंतरिक्ष आधारित युद्ध की चुनौतियों से निपटने के लिए अलग रणनीति और तकनीकी ढांचा तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने खुफिया तंत्र और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई, ताकि दुश्मन की गतिविधियों और संभावित खतरों का समय रहते पता लगाया जा सके। बदलते सुरक्षा परिदृश्य में केवल सीमा पर तैनाती ही नहीं, बल्कि तकनीकी मोर्चे पर भी सतर्कता आवश्यक है।
सम्मेलन के दौरान रक्षा मंत्री ने वायुसेना के यूडीएएएन (UDAAN) के तहत विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित एप्लिकेशन भी लॉन्च किए। इनका उपयोग सैन्य संचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में किया जाएगा। इससे वायुसेना की तकनीकी क्षमता और निर्णय लेने की प्रक्रिया को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों पर भी जोर रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच दिखाई दिए बेहतर तालमेल की सराहना की। उन्होंने अग्निवीरों के दूसरे कार्यकाल की पहल का भी उल्लेख किया, जिसे रक्षा बलों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे बढ़ाया गया है। सम्मेलन में दिए गए निर्देशों से स्पष्ट है कि भारत अब पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भविष्य के तकनीक आधारित युद्धों की चुनौतियों के अनुरूप अपनी सैन्य तैयारी को विकसित करने पर ध्यान दे रहा है।