हाईकोर्ट से बदली डंपिंग योजना
फरीदाबाद। भांकरी में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम ने अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने की योजना फिलहाल रोक दी है। इसके बजाय अब निगम ने प्रतापगढ़ स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र में कचरा डालने की तैयारी की है। इससे भांकरी और आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिली है, लेकिन प्रतापगढ़ के निवासियों की चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, नगर निगम भांकरी गांव के नजदीक अरावली क्षेत्र में डंपिंग यार्ड विकसित करना चाहता था। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई थी। लोगों ने पर्यावरण को नुकसान, दुर्गंध, प्रदूषण और भूजल दूषित होने की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। अदालत से स्टे मिलने के बाद निगम को अपनी योजना बदलनी पड़ी।
अब प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र की क्षमता 600 टन तक बढ़ाने की तैयारी है। यहां पहले रोजाना करीब पांच ट्रक कूड़ा पहुंचता था, लेकिन अब इसकी मात्रा बढ़ सकती है।