शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

AI की वैश्विक दौड़ में भारत ने भरी एक नई लंबी उड़ान

एजेंसी · अंक 05 · 8 नवंबर 2026

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भारत ने अपनी तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्र सरकार के इंडिया एआई मिशन के तहत तीन स्वदेशी एआई मॉडल EKA-1, DhĪr 2B और DhĪr 5B लॉन्च किए गए हैं। इन मॉडलों को भारतीय तकनीकी कंपनियों ने विकसित किया है। इनका उद्देश्य देश की भाषाई जरूरतों, डिजिटल सुरक्षा और तकनीकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, EKA-1 मॉडल को बेंगलुरु की कंपनी सोकेट लैब्स ने तैयार किया है। इसमें 26.3 अरब पैरामीटर हैं और इसे करीब 7.5 ट्रिलियन टोकन के डेटा से प्रशिक्षित किया गया है। यह अंग्रेजी के साथ संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है। इसे गणित, प्रोग्रामिंग, तार्किक विश्लेषण और जटिल कार्यों को पूरा करने के लिए विकसित किया गया है।

वहीं, धीर 2B और धीर 5B मॉडल जेंटीक्यू एआईटेक इनोवेशन ने तैयार किए हैं। ये ओपन-सोर्स मॉडल अंग्रेजी के अलावा 10 भारतीय भाषाओं में काम कर सकते हैं। इनकी खासियत यह है कि इन्हें इंटरनेट कनेक्शन के बिना भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह खबर जागते रहो के अंक 05 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →