शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

सांसों पर संकट: दिल्ली-NCR में जहरीली हवा का कहर

GRAP-3 के बावजूद प्रदूषण बेकाबू, नोएडा-गुरुग्राम में AQI गंभीर; स्कूलों और निर्माण कार्यों पर पाबंदियां

एजेंसी · अंक 05 · 8 नवंबर 2026

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही हवा में घुलता धुआं और जहरीले कण लोगों की सांसों पर भारी पड़ने लगे हैं। दिल्ली से लेकर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद तक प्रदूषण का असर दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार को पूरे दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, 6 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 382 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, 7 नवंबर की सुबह स्थिति और चिंताजनक नजर आई। नोएडा में AQI 425 और गुरुग्राम में 484 तक दर्ज किया गया। दिल्ली के कुछ निगरानी केंद्रों पर भी वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिकूल मौसम, हवा की कम रफ्तार और प्रदूषक कणों के वातावरण में जमा होने से हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। दीपावली के दौरान पटाखों के धुएं से प्रदूषण और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए GRAP-3 के तहत कई सख्त कदम उठाए गए हैं। धूल फैलाने वाले गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक लगा दी गई है। प्रदूषण फैलाने वाले कुछ उद्योगों और निर्माण इकाइयों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली-NCR में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध संबंधी नियमों को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड यानी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कराने की व्यवस्था की गई है। सरकारी और निजी कार्यालयों को कर्मचारियों की संख्या सीमित करने तथा वर्क फ्रॉम होम को प्रोत्साहित करने की सलाह दी गई है।

लगातार जहरीली हवा में सांस लेने से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए परेशानी बढ़ सकती है। आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और सिरदर्द जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

यह खबर जागते रहो के अंक 05 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →