रविवार, 29 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

लेसिक सर्जरी पर रेलवे सख्त, नहीं मिलेगी वैकल्पिक नौकरी

एजेंसी · अंक 05 · 8 नवंबर 2026

अंबाला। रेलवे में मेडिकल श्रेणी और सेवा संबंधी लाभ हासिल करने के लिए अब कर्मचारी अपनी मर्जी से आंखों की लेसिक सर्जरी नहीं करवा सकेंगे। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सख्त नियम लागू करते हुए स्पष्ट किया है कि रेलवे की अधिकृत मेडिकल अथॉरिटी की सलाह के बिना कराई गई सर्जरी के बाद मेडिकल श्रेणी में अनफिट होने पर कर्मचारी को वैकल्पिक नौकरी का लाभ नहीं मिलेगा।

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश के अनुसार, ऐसे कर्मचारी को अपनी इच्छा से स्थानांतरित कर्मचारी माना जाएगा और उसके मामले का निपटारा इसी आधार पर होगा। उसे चिकित्सकीय रूप से अयोग्य घोषित कर्मचारियों को मिलने वाली वैकल्पिक नियुक्ति और अन्य सेवा सुविधाएं नहीं दी जाएंगी।

दरअसल, रेलवे के संज्ञान में ऐसे मामले आए थे, जिनमें कर्मचारी बिना अधिकृत चिकित्सकीय सलाह के लेसिक सर्जरी करवाने के बाद अपनी मौजूदा मेडिकल श्रेणी के लिए अनुपयुक्त घोषित हो जाते थे।

यह खबर जागते रहो के अंक 05 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →