राजधानी दिल्ली की आवो-हवा बेहद खराब
प्रदूषण की मार: चांदनी चौक इलाके में 300 के पार हुआ AQI
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शहर के अधिकांश निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 के पार दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक में यह 306 तक पहुंच गया। यहां हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। प्रदूषण में बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्र ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का पहला चरण लागू कर दिया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। बुधवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 245 दर्ज किया गया था, जो पिछले 100 दिनों में सबसे अधिक स्तर बताया गया। इस मौसम में पहली बार राजधानी की औसत वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंची थी। इससे पहले 13 जुलाई को एक्यूआई 246 दर्ज किया गया था।
गुरुवार सुबह 8:05 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक में एक्यूआई 306 रहा। इसके अलावा बवाना में 274, अलीपुर में 272, वजीरपुर में 253, नजफगढ़ में 241, आनंद विहार में 236, जेएनयू में 238 और आईजीआई हवाई अड्डे पर 236 एक्यूआई दर्ज किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में यह 226, आया नगर में 214 और वसुंधरा एन्क्लेव में 206 रहा।
एक्यूआई का स्तर बढ़ने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी जाती है।
प्रदूषण रोकने के लिए सख्ती ग्रैप के पहले चरण के तहत निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय सख्त किए जाएंगे। खुले में कचरा और जैविक सामग्री जलाने पर रोक के साथ वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की जांच भी तेज होगी। निर्धारित मानकों से अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय बस और मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन साधनों का अधिक इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव घटाने और प्रदूषण नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल राजधानी में हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रशासन ने शुरुआती कदम उठाए हैं। आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर मौसम की परिस्थितियों और नियंत्रण उपायों के प्रभाव पर निर्भर करेगा। ऐसे में प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना और अनावश्यक वाहन इस्तेमाल से बचना महत्वपूर्ण है।