शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
संपादकीय

भारत में गरीबी पर जीत

अंक 04 · 1 नवंबर 2026

भारत की विकास यात्रा में गरीबी के मोर्चे पर आई कमी निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की इंडिया पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच देश के करीब 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। यह आंकड़ा केवल एक आर्थिक उपलब्धि नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी कहता है। वर्ष 2011 में निम्न-मध्यम आय वाले देशों के लिए निर्धारित गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली भारत की आबादी 57.7 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 16.1 प्रतिशत रह गई। अत्यधिक गरीबी का स्तर भी 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत पर आ गया।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि आर्थिक विकास, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों ने गरीबी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन स्तर के मोर्चे पर भी सुधार देखने को मिला है। ऑक्सफोर्ड के बहुआयामी गरीबी सूचकांक के अनुसार, 2005-06 में भारत की 53.8 प्रतिशत आबादी बहुआयामी गरीबी से प्रभावित थी, जो 2019-21 में घटकर 16.4 प्रतिशत रह गई। इसका अर्थ है कि गरीबी के खिलाफ लड़ाई केवल आमदनी बढ़ाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि जीवन की बुनियादी जरूरतों तक पहुंच भी बेहतर हुई है लेकिन इन उपलब्धियों के बीच एक सवाल अब भी गंभीरता से विचार करने की मांग करता है। क्या गरीबी कम होने का अर्थ आर्थिक असमानता का समाप्त होना भी है? विश्व बैंक की रिपोर्ट बताती है कि देश के सबसे अमीर 10 प्रतिशत कर्मचारी सबसे गरीब 10 प्रतिशत कर्मचारियों की तुलना में औसतन 13 गुना अधिक कमाते हैं। यह अंतर बताता है कि विकास का लाभ सभी वर्गों तक समान अनुपात में नहीं पहुंच रहा है।

दरअसल, गरीबी से बाहर निकलना और सम्मानजनक जीवन स्तर हासिल करना दो अलग-अलग पड़ाव हैं। किसी परिवार की आय गरीबी रेखा से ऊपर पहुंच जाना पर्याप्त नहीं है, जब तक उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्थायी रोजगार और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध न हो। महंगाई, बेरोजगारी और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की अनिश्चित आय भी बड़ी चुनौतियां हैं।

भारत के सामने अब अगली चुनौती केवल गरीबी के आंकड़े घटाने की नहीं, बल्कि आर्थिक अवसरों का अधिक न्यायपूर्ण वितरण सुनिश्चित करने की है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, छोटे कारोबारों को प्रोत्साहन देना, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाना इस दिशा में जरूरी कदम हैं।

गरीबी में कमी निश्चित रूप से उत्साहजनक है, लेकिन विकास की असली कसौटी यह होगी कि देश की तरक्की का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। आंकड़ों में सफलता तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक के जीवन में भी उसका वास्तविक असर दिखाई दे।

यह खबर जागते रहो के अंक 04 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →