फिर सुलग उठा बांग्लादेश, पेट्रोल बम और आगजनी से दहला देश
हसीना की वापसी से भड़की हिंसा, मंत्री के घर पर हमला, कई जगह आगजनी जारी
ढाका। बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता एक बार फिर हिंसक रूप लेती दिखाई दे रही है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा के बाद देश के कई हिस्सों में आगजनी, बम धमाकों और हिंसक प्रदर्शनों का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को भी कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शनकारियों ने सिलहट शहर में कनिष्ठ विदेश मंत्री हुमायूं कबीर के आवास पर पेट्रोल बम फेंका। वहीं, राजशाही में अवामी लीग के एक पूर्व कनिष्ठ विदेश मंत्री के घर को भी आग के हवाले कर दिया गया।
गोपलगंज में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने में आग लगा दी। इसके बाद इलाके में संचार व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसे अधिकारियों ने बाद में बहाल कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की है। पुलिस ने ढाका में पिछले 24 घंटों के दौरान अवामी लीग से जुड़े 124 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले नोबेल पुरस्कार विजेता और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मुहम्मद यूनुस के चट्टोग्राम स्थित पैतृक आवास में भी आगजनी की घटना हुई थी। उनकी ओर से स्थापित ग्रामीण बैंक की 20 से अधिक शाखाओं को भी इस महीने निशाना बनाया जा चुका है। दरअसल, शेख हसीना ने दिसंबर में भारत से बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है।
उनकी अवामी लीग पार्टी ने सरकार के खिलाफ देशव्यापी बंद का आह्वान किया था। हसीना को 2024 के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया जा चुका है। लगातार बढ़ती हिंसा ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।