नमो भारत ट्रेन ने बनाया नया रिकॉर्ड
पांच करोड़ यात्राओं का आंकड़ा पार, अंतिम एक करोड़ यात्राएं महज 93 दिनों में पूरी हुईं
नई दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर ने यात्रियों की संख्या के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस कॉरिडोर पर अब तक पांच करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की गई हैं। खास बात यह है कि अंतिम एक करोड़ यात्राएं महज 93 दिनों में पूरी हुईं, जो अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अनुसार, नमो भारत ट्रेन का परिचालन 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर के प्राथमिक खंड पर शुरू हुआ था। शुरुआत में पहले एक करोड़ यात्री सफर करने में 574 दिन लगे थे। इसके बाद यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी।
कॉरिडोर ने 11 दिसंबर 2025 को दो करोड़, 2 मई 2026 को तीन करोड़ और 10 अगस्त 2026 को चार करोड़ यात्राओं का आंकड़ा पार किया। इसके बाद 10 नवंबर को पांच करोड़ का आंकड़ा पूरा कर लिया गया। इस तरह प्रत्येक नए करोड़ के लिए लगने वाला समय लगातार कम होता गया।
नमो भारत कॉरिडोर पर 28 अगस्त 2026 को एक दिन में 1,68,666 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक यात्री संख्या है। अगस्त में 35.25 लाख, सितंबर में 32.41 लाख और अक्टूबर में 33.49 लाख यात्री यात्राएं दर्ज की गईं। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन औसतन एक लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं।
82 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक फैला है। इसमें कुल 16 स्टेशन हैं। दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे और बस सेवाओं से बेहतर कनेक्टिविटी ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाई है। नमो भारत ट्रेन की परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक है।