दिल्ली में अब पुराने वाहनों की एंट्री पर सख्ती
बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगी अनुमति, दूसरे राज्यों से आने वाले पुराने ट्रकों और बसों पर प्रतिबंध
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सरकार और प्रशासन ने वाहनों के प्रवेश को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत 1 नवंबर 2026 से दिल्ली में वाहनों के प्रवेश के नए नियम लागू होंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को आगाह किया है कि वे राजधानी आने से पहले अपने वाहनों की पात्रता जरूर जांच लें। नए नियमों का मुख्य उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों को दिल्ली की सड़कों से दूर रखना है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बीएस-6 मानक वाले वाहनों के अलावा सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। अधिसूचना के तहत छूट प्राप्त वाहनों को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आने दिया जाएगा। वहीं, बीएस-6 से पुराने मानकों वाले कुछ बाहरी वाहनों पर प्रतिबंध लागू होगा। बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) वाले वाहनों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। यह नियम बीएस-6 वाहनों पर भी लागू होगा।
नए नियमों के तहत 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली में बाहर से पंजीकृत ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को छूट मिलेगी। दिल्ली में माल पहुंचाने का उद्देश्य नहीं रखने वाले ट्रकों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा दूसरे राज्यों से आने वाली बीएस-6 से पुराने मानक वाली डीजल अंतरराज्यीय बसों पर भी रोक रहेगी।
संशोधित ग्रैप के तहत हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में बीएस-3 पेट्रोल तथा बीएस-4 डीजल की पुरानी चारपहिया गाड़ियों पर ग्रैप के तीसरे चरण में प्रतिबंध लागू रहेगा। यह व्यवस्था गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में भी लागू है। सोनीपत को भी इस दायरे में शामिल किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों की अनदेखी न करें। अधिकारियों का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए वाहनों की जांच और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।