दादा गौतम का मनोहर लाल पर हमला
चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बदलता तो प्रदेश में पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार नहीं बन पाती। गौतम के इस बयान से प्रदेश भाजपा की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
सफीदों से विधायक रामकुमार गौतम ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित एमएलए हॉस्टल में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मनोहर लाल अच्छे व्यक्ति हैं और उनके कार्यकाल में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ। हालांकि, लंबे समय तक सत्ता में रहने के कारण सरकार के खिलाफ नाराजगी और सत्ता विरोधी लहर पैदा हो गई थी। उनके मुताबिक, इसी वजह से नेतृत्व परिवर्तन जरूरी हो गया था।
गौतम ने कहा कि उन्होंने मनोहर लाल को सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की सलाह भी दी थी। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां देने की नीति के कारण भाजपा के कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बच्चे रोजगार से वंचित रह गए।
बातचीत के दौरान गौतम ने भाजपा की चुनावी जीत में अपनी भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सफीदों, नरवाना और उचाना सहित कई सीटों पर पार्टी की जीत में उनका योगदान रहा। लगातार दूसरी बार विधायक बनने के बावजूद मंत्री पद नहीं मिलने की कसक भी उनके बयान में दिखाई दी। उन्होंने कहा कि किसे कौन-सा पद देना है, यह सरकार का फैसला है।
गौरतलब है कि मार्च 2024 में भाजपा ने मनोहर लाल की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था।