शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
संपादकीय

टूटा ट्रंप का गुरुर

अंक 03 · 25 अक्टूबर 2026

बदले-बदले से नजर आते है सरकार। रूस से तेल खरीदने के मामले में भारत पर भारी भरकप टेरिफ लगाने की बार-बार धमकी देने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले कुछ समय से भारत, रूस व चीन के संदर्भ में लचीला रूख अपना रहे है जो कि उनकी कार्य शैली के बिल्कुल विपरीत नजर आ रहा है।

ट्रंप ने पहले चीन को साधा और उसके बाद रूस पर लचीला रवैया अपनाया यहां तक कि भारत जैसी ऊभरती आर्थिक शक्ति को साधने के लिए अपने विशेष दूत रुबियों को प्रधानमंत्री मोदी से मिलने विशेष तौर पर भारत भेज दिया। रुबियों ने भारत के साथ सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाया है जो ट्रंप प्रशासन के भारत के प्रति बदलते नजरिये को दर्शाता है।

एच-1बी वीजा नीति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अमेरिकी ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के नए प्रतिबंध भारत को निशाना बनाकर नहीं लगाए गए हैं। अमेरिकी सरकार की प्राथमिकता अपने नागरिकों, कामगारों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना है। हालांकि, इन नीतिगत बदलावों का असर भारतीय पेशेवरों और उन्हें नियुक्त करने वाली अमेरिकी कंपनियों पर पड़ सकता है। जब अमेरिका में रोजगार पाने की तैयारी कर रहे भारतीय युवाओं और वहां पहले से काम कर रहे पेशेवरों के बीच वीजा नियमों को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही है।

अमेरिकी प्रशासन आव्रजन व्यवस्था में मौजूद खामियों को दूर करने और नियमों के दुरुपयोग पर रोक लगाने की दिशा में काम कर रहा है। सरकार का उद्देश्य किसी एक देश के नागरिकों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे अमेरिकी नागरिकों के रोजगार के अवसरों और देश के आर्थिक हितों की रक्षा की जा सके। अमेरिका ने संकेत दिया कि आव्रजन व्यवस्था में धोखाधड़ी और नियमों के गलत इस्तेमाल को लेकर लंबे समय से चिंताएं रही हैं। इसी कारण सरकार वीजा संबंधी प्रावधानों की समीक्षा कर रही है।

जिस तरह भारत सरकार से अपने नागरिकों और राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा की जाती है, उसी तरह अमेरिकी प्रशासन भी अपने लोगों और कामगारों के हितों को सबसे ऊपर रखेगा। उनके बयान से स्पष्ट है कि ट्रंप प्रशासन आव्रजन नीति को अमेरिकी रोजगार, आर्थिक सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों के नजरिये से देख रहा है।

अमेरिका ने इस धारणा को भी खारिज किया कि नए प्रतिबंध किसी विशेष देश के खिलाफ तैयार किए गए हैं। हालांकि, किसी नीति का उद्देश्य भारत को निशाना बनाना नहीं होने के बावजूद उसका प्रभाव भारतीय नागरिकों पर पड़ सकता है। भारत से बड़ी संख्या में पेशेवर अमेरिका में काम करते हैं, इसलिए वीजा प्रक्रिया में बदलाव उनके रोजगार और भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं।

एच-1बी वीजा अमेरिकी कंपनियों को विशेष कौशल और विशेषज्ञता वाले पदों पर विदेशी पेशेवरों को नियुक्त करने की अनुमति देता है। भारतीय नागरिक लंबे समय से इस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। सूचना प्रौद्योगिकी, सॉफ्टवेयर, इंजीनियरिंग, शोध और अन्य विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में अनेक भारतीय इसी वीजा के माध्यम से अमेरिका में रोजगार प्राप्त करते हैं।

ऐसे में वीजा प्रक्रिया में सख्ती, आवेदनों की अतिरिक्त जांच, पात्रता संबंधी शर्तों में बदलाव और प्रक्रिया में देरी भारतीय पेशेवरों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। नई नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं, वीजा का नवीनीकरण कराने वाले कर्मचारियों और अमेरिका में लंबे समय तक काम करने की योजना बना रहे लोगों के सामने अनिश्चितता बढ़ सकती है।

इसके अलावा, अमेरिकी कंपनियों को भी विदेशी कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्ययोजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है। तकनीकी विशेषज्ञों की उपलब्धता प्रभावित होने पर कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया और परियोजनाओं की समयसीमा पर भी असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक प्रभाव संबंधित नियमों के क्रियान्वयन और व्यक्तिगत आवेदनों की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

यह खबर जागते रहो के अंक 03 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →