शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

टीबी के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, मौतों में 38 प्रतिशत की गिरावट

2015 के मुकाबले टीबी से मौतों में कमी, इलाज की सफलता दर बढ़कर 94 प्रतिशत हुई

एजेंसी · अंक 06 · 15 नवंबर 2026

नई दिल्ली। तपेदिक (टीबी) के खिलाफ भारत की लंबी लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता सामने आई है। देश में वर्ष 2015 के मुकाबले टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह गिरावट वैश्विक स्तर पर दर्ज 35 प्रतिशत की कमी से भी अधिक है। इसके साथ ही दवा-संवेदनशील टीबी के मरीजों में इलाज की सफलता दर बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की 12 नवंबर को जारी वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2026 में इन उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के आंकड़े बीमारी की रोकथाम, शुरुआती पहचान और बेहतर उपचार के लिए भारत की ओर से किए जा रहे प्रयासों को दर्शाते हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने रिपोर्ट का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीबी के खिलाफ लड़ाई अब राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। इसमें आधुनिक तकनीक, सामुदायिक भागीदारी और मरीजों को केंद्र में रखकर उपचार उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य टीबी की समय पर पहचान कर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बीमारी की शुरुआती पहचान और उपचार के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच 25 करोड़ से अधिक लोगों को जांच के दायरे में लाया गया। इस दौरान 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे किए गए, जबकि बीमारी की पुष्टि के लिए तीन करोड़ से अधिक न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट (एनएएटी) किए गए। इन जांचों के माध्यम से टीबी के 48.64 लाख नए मामले सामने आए। इनमें 14.97 लाख ऐसे मरीज भी शामिल थे, जिनमें बीमारी के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं दे रहे थे।

टीबी की पहचान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। छाती के एक्स-रे की जांच में एआई उपकरणों की मदद ली जा रही है। इसके अलावा बीमारी के हॉटस्पॉट और अधिक जोखिम वाले लोगों की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खुशी एआई चैटबॉट और अवतार वीडियोबॉट के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

मरीजों को पोषण और आर्थिक सहायता सरकार की नि-क्षय पोषण योजना और नि-क्षय मित्र पहल के माध्यम से टीबी मरीजों को पौष्टिक भोजन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर, गरीब और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक जांच और उपचार की सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार, टीबी कार्यक्रम की कुल वित्तीय जरूरतों का 96 प्रतिशत हिस्सा घरेलू संसाधनों से पूरा किया जा रहा है। इन प्रयासों के जरिए भारत टीबी उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में अपनी प्रगति जारी रखे हुए है।

यह खबर जागते रहो के अंक 06 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →