शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

जाकिर नाइक पर सख्त हुई सरकार

एजेंसी · अंक 06 · 15 नवंबर 2026

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक द्वारा स्थापित इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर लगे प्रतिबंध को पांच साल के लिए और बढ़ा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर संगठन को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत गैरकानूनी संस्था घोषित करने का फैसला किया। इस कार्रवाई से विदेश में रह रहे जाकिर नाइक और उसके संगठन पर सरकार का शिकंजा और कस गया है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, IRF और उसके सदस्य धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी, नफरत और वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मंत्रालय ने संगठन के संस्थापक और अध्यक्ष जाकिर अब्दुल करीम नाइक पर अपने भाषणों और बयानों के माध्यम से अनुयायियों को भड़काने का आरोप लगाया है।

सरकार की अधिसूचना में कहा गया है कि संगठन की गतिविधियां देश की अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं। मंत्रालय ने नाइक के भाषणों को भड़काऊ और विध्वंसक बताते हुए आरोप लगाया कि वह भारत और विदेशों में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहा था। सरकार के मुताबिक, उसके बयानों और गतिविधियों का उद्देश्य धार्मिक आधार पर समाज में तनाव पैदा करना था।

यह खबर जागते रहो के अंक 06 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →