खतरे में पड़ा हिमालय का अस्तित्व
अब अंधाधुंध निर्माण से हिमालय पर मंडराया आपदा का खतरा
नई दिल्ली। हिमालयी क्षेत्रों में तेजी से हो रहे अनियंत्रित निर्माण ने पहाड़ों के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर संकट में डाल दिया है। एक नए अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के मुताबिक, इस वजह से कम से कम तीन लाख लोग संभावित प्राकृतिक आपदाओं के सीधे खतरे में हैं। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि वास्तविक प्रभावित आबादी इससे कहीं अधिक हो सकती है।
साइंटिफिक रिपोर्ट्स जर्नल में प्रकाशित शोध के अनुसार, उत्तरी नेपाल, दक्षिण-पूर्वी तिब्बत और उत्तराखंड के संवेदनशील इलाकों में वर्ष 2016 से 2023 के बीच जोखिम वाले क्षेत्रों में निर्माण 45 प्रतिशत तक बढ़ा है। वहीं, ग्लेशियर झीलों के फटने से बाढ़ के खतरे वाले इलाकों में निर्माण की रफ्तार 78 प्रतिशत दर्ज की गई।
ब्रिटेन, नेपाल और भारत के नौ शोधकर्ताओं ने हिमालयी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों और करीब 1,360 ग्लेशियर झीलों के आसपास बने निर्माणों का विश्लेषण किया। इसमें पाया गया कि बाढ़ और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में होटल, रिसॉर्ट, आवासीय बस्तियां और बड़ी आधारभूत परियोजनाएं तेजी से विकसित की जा रही हैं।