एससीओ महामंच से विश्व शांति का संदेश
नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का पहला सभ्यतागत संवाद मंच आयोजित किया जा रहा है। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को किया। इसमें SCO सदस्य देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया में जब युद्ध और अशांति की चर्चाएं हावी हैं, तब भारत सभ्यताओं के आपसी जुड़ाव और संवाद को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संबंध शांति की सबसे मजबूत गारंटी हैं। SCO ने पिछले 25 वर्षों में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत किया है। अब सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इस रिश्ते को नई मजबूती देगा।
इस आयोजन में पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुआ। वह तीन साल से अधिक समय बाद भारत आने वाले पाकिस्तान के पहले मंत्री हैं। मंच से उन्होंने सांस्कृतिक संवाद और आपसी विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भारत की ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। इनमें ‘अस्तित्व-द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ के माध्यम से दिल्ली के प्राचीन इतिहास को दर्शाया गया है।