शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
विदेश

ईरान पर बड़े हमले की तैयारी में ट्रंप

मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर सैन्य कार्रवाई की हलचल तेज, परमाणु ठिकाने निशाने पर; खाड़ी देशों में बढ़ी चिंता

एजेंसी · अंक 05 · 8 नवंबर 2026

वाशिंगटन। मध्यावधि चुनाव के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने ईरान को लेकर सबसे बड़ा रणनीतिक फैसला लेने की घड़ी आ गई है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच एक बार फिर बड़े सैन्य अभियान की आशंका गहराने लगी है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह जल्द फैसला करेंगे कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को और तेज किया जाए या फिर कूटनीतिक समझौते का रास्ता अपनाया जाए। अमेरिकी राष्ट्रपति के हालिया बयानों और सैन्य विकल्पों पर चल रही चर्चाओं ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा दिया है। दुनिया की निगाहें अब व्हाइट हाउस के अगले कदम पर टिकी हैं।

अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के मुताबिक, ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान के क़ेश्म द्वीप के पास एक ईरानी वायु रक्षा प्रणाली पर सीमित अमेरिकी हमलों की पुष्टि की। इससे पहले भी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई सीमित रहेगी या आने वाले दिनों में अमेरिका बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू कर सकता है।

अमेरिकी प्रशासन के सामने फिलहाल तीन प्रमुख विकल्प बताए जा रहे हैं। पहला, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाते हुए नए हवाई हमले करना। दूसरा, आर्थिक प्रतिबंधों और समुद्री नाकेबंदी के जरिए ईरान पर दबाव बढ़ाना। तीसरा, परमाणु कार्यक्रम को लेकर शर्तों के साथ समझौता कर युद्ध को समाप्त करने की कोशिश करना। पांच नवंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने कहा था कि अब फैसला लिया जाएगा कि ईरान के खिलाफ आगे बढ़ना है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि वह ईरान के बचे हुए हिस्से को तबाह नहीं करना चाहते, लेकिन जरूरत पड़ने पर ऐसा करना पड़ सकता है।

ईरान को लेकर ट्रंप के सलाहकारों में भी एकमत नहीं है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कुछ खाड़ी देशों के प्रतिनिधि युद्ध समाप्त करने और बातचीत को आगे बढ़ाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं।

कूटनीति की कोशिशें भी जारी कतर के प्रधानमंत्री ने सात नवंबर को अमेरिका और ईरान से शांति समझौते की दिशा में देरी नहीं करने की अपील की। वहीं ईरान भी मध्यस्थ देशों के साथ बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में ट्रंप का अगला फैसला न केवल अमेरिका-ईरान युद्ध की दिशा तय करेगा, बल्कि पश्चिम एशिया की सुरक्षा, वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है। फिलहाल बड़े अमेरिकी हमले का अंतिम आदेश जारी होने की पुष्टि नहीं है, लेकिन सीमित सैन्य कार्रवाई और लगातार मिल रहे बयानों ने क्षेत्र को एक बार फिर युद्ध के मुहाने पर खड़ा कर दिया है।

यह खबर जागते रहो के अंक 05 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →