रविवार, 29 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

आतंकवाद के खिलाफ भारत-फ्रांस एकजुट

सीमा पार आतंकवाद, आतंकी फंडिंग और ऑनलाइन कट्टरपंथ पर कसेंगे शिकंजा

एजेंसी · अंक 07 · 22 नवंबर 2026

नई दिल्ली। आतंकवाद के बदलते स्वरूप और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के सामने बढ़ती चुनौतियों के बीच भारत और फ्रांस ने इसके खिलाफ मिलकर लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया है। दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा करते हुए सीमा पार आतंकवाद, आतंकी संगठनों को मिलने वाली आर्थिक मदद और इंटरनेट के माध्यम से फैलाए जा रहे कट्टरपंथ पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। नई दिल्ली में शुक्रवार को हुई दोनों देशों की आतंकवाद निरोधक संयुक्त कार्य समूह (ज्वाइंट वर्किंग ग्रुप) की 18वीं बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में भारत ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद किसी एक देश की समस्या नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इससे निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा प्रयास जरूरी हैं।

बैठक में भारत और फ्रांस ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले और नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास हुई आतंकी घटना की कड़ी निंदा दोहराई। दोनों देशों ने आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे अपराधों के लिए जिम्मेदार संगठनों और उनके नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। दोनों पक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों के साथ वैश्विक स्तर पर मौजूद आतंकी खतरों का आकलन भी साझा किया। इस दौरान राज्य प्रायोजित आतंकवाद और सीमा पार से संचालित आतंकी गतिविधियों से पैदा होने वाली चुनौतियों पर विशेष चर्चा हुई।

बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू आतंकवादी संगठनों की ओर से आधुनिक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर रहा। दोनों देशों ने माना कि आतंकी संगठन अब केवल पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई डिजिटल और वित्तीय तकनीकों का इस्तेमाल कर अपनी गतिविधियों को विस्तार देने की कोशिश कर रहे हैं। इंटरनेट के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करना, ऑनलाइन नेटवर्क तैयार करना और डिजिटल माध्यमों से धन जुटाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती बन रहा है। ऐसे में भारत और फ्रांस ने इन गतिविधियों की पहचान करने और समय रहते रोकने के लिए तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने फ्रांस के अधिकारियों को भारत की व्यापक राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक नीति और रणनीति ‘प्रहार’ (PRAHAAR) की जानकारी दी। इस रणनीति के माध्यम से आतंकवादी खतरों की पहचान, रोकथाम और उनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अपनाए जा रहे उपायों को साझा किया गया। दोनों देशों ने खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, जांच एजेंसियों की क्षमता बढ़ाने, अधिकारियों के प्रशिक्षण और आतंकवाद से जुड़े मामलों में बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने पर भी सहमति जताई।

यह खबर जागते रहो के अंक 07 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →