शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

अब यूपी, एमपी और राजस्थान में तबाही मचाएगा चक्रवात अर्नब

एजेंसी · अंक 04 · 1 नवंबर 2026

नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है, लेकिन इसका असर कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। भारी बारिश के कारण ओडिशा के दक्षिणी जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। गंजाम और गजपति जिलों के एक हजार से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। पिछले 72 घंटों में राज्य के नौ जिलों से 59 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

गंजाम के 299 और गजपति के 711 गांव बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गंजाम के करीब 70 गांवों का संपर्क टूट गया है। लगातार बारिश से रुषिकुल्या और बहुदा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। पात्रापुर में 24 घंटे के दौरान 546 मिलीमीटर और कंधमाल के जी. उदयगिरि में 462.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं भी हुई हैं।

एनडीआरएफ, राज्य आपदा मोचन बल और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत अभियान में जुटी हैं। हेलीकॉप्टर की मदद से दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों को निकाला जा रहा है।

यह खबर जागते रहो के अंक 04 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →