शनिवार, 28 नवंबर 2026 · फरीदाबाद
जागते रहो लोगो जागते रहोराष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक · फरीदाबाद, हरियाणा
देश

अब घर से उठेगा पार्सल, रेलवे की 8 शहरों में नई सुविधा

एजेंसी · अंक 05 · 8 नवंबर 2026

नई दिल्ली। रेलवे से सामान भेजने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अब पार्सल बुक कराने के लिए रेलवे स्टेशन के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय रेलवे जल्द ही ‘घर से घर तक’ (Ghar Se Ghar Tak) नाम से डोर-टू-डोर पार्सल सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत ग्राहक अपने घर या दुकान से ही पार्सल बुक करा सकेंगे। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य पार्सल परिवहन को आसान बनाने के साथ छोटे व्यापारियों, कारोबारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

रेलवे बोर्ड की योजना के मुताबिक, शुरुआत में यह सेवा देश के आठ प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए ‘रेल पार्सल ऐप’ तैयार किया जा रहा है, जिसे मोबाइल और वेबसाइट दोनों माध्यमों से इस्तेमाल किया जा सकेगा। ऐप के जरिए ग्राहक लॉजिस्टिक सेवा प्रदाता का चयन कर सकेंगे और पार्सल की बुकिंग के साथ ऑनलाइन भुगतान भी कर पाएंगे।

इस व्यवस्था में निजी लॉजिस्टिक कंपनियां ग्राहक के घर से पार्सल उठाकर संबंधित रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएंगी। इसके बाद रेलवे ट्रेन के माध्यम से सामान को गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाएगा। वहां से लॉजिस्टिक कंपनी पार्सल को सीधे प्राप्तकर्ता के घर या निर्धारित पते पर पहुंचाएगी। ग्राहक चाहें तो केवल स्टेशन से स्टेशन तक की सेवा भी चुन सकेंगे।

नई सुविधा में पार्सल की लाइव ट्रैकिंग, मोबाइल पर अपडेट, डिजिटल रसीद और भुगतान की व्यवस्था होगी। ग्राहक ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 15 दिन पहले तक बुकिंग कर सकेंगे, जबकि बुकिंग कम से कम एक दिन पहले करनी होगी।

यह खबर जागते रहो के अंक 05 में प्रकाशित हुई। पूरा अंक ई-पेपर में पढ़ें →